मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उन्नाव में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

जिला कांग्रेस कार्यालय से निकाला जुलूस, निर्वाचन कार्यालय के बाहर धरना और नारेबाजी

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से जुलूस के रूप में निकले और जिलाधिकारी कार्यालय तथा अंबेडकर प्रतिमा के सामने से होते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना देकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार कहां मिलेगा, मोदी की गोदी में”, “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “जेल चले भाई जेल चले” जैसे नारे लगाए। भाजपा के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। जुलूस का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रकाश शुक्ला ने किया। निर्वाचन कार्यालय के बाहर पुलिस का कड़ा बंदोबस्त होने के कारण प्रदर्शनकारी ज्यादा देर तक धरने पर नहीं बैठ सके। इसके बाद वापस लौटते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने भी जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह, अनवर खुर्शीद, महामंत्री अजय गौतम, शहर अध्यक्ष फैज फारुकी, अमरेद प्रताप सिंह, दिनेश शुक्ला, सुभाष सिंह, आशुतोष मिश्रा, बोधराज सिंह, पुत्तीलाल वर्मा, आशीष त्रिपाठी, कन्हई कुरील और सैयद सैफ सहित करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *