अमित कश्यप हत्याकांड: दोषी रविता की जेल में निगरानी बढ़ी, खाना खाने से किया इनकार

अमरदीप भी दोषी ठहराए जाने के बाद वापस जेल पहुंचा, सजा सुनाए जाने तक दोनों पर विशेष नजर

मेरठ, उत्तर प्रदेश। अमित कश्यप हत्याकांड में दोषी करार दी गई रविता की जेल में निगरानी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, बुधवार को अदालत से लौटने के बाद रविता बैरक में अकेली बैठी रही और अन्य बंदियों से बातचीत नहीं की। उसने खाना खाने से भी इनकार कर दिया। जेल प्रशासन ने उसकी काउंसलिंग कराई, जिसके बाद उसे थोड़ा-थोड़ा भोजन दिया जा रहा है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, इस मामले में दोषी ठहराया गया रविता का प्रेमी अमरदीप भी अदालत के फैसले के बाद वापस जेल पहुंच गया। वह पहले जमानत पर बाहर था। अब दोनों दोषियों को सजा सुनाए जाने तक विशेष निगरानी में रखा गया है। मामला हस्तिनापुर के अकबरपुर सादात गांव का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, रविता ने अमरदीप के साथ मिलकर अपने पति अमित कश्यप की गला दबाकर हत्या की थी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव के पास कथित तौर पर जहरीला सांप छोड़ दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वास्तविक वजह सामने आने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। अदालत दोनों आरोपियों को हत्या समेत संबंधित धाराओं में दोषी ठहरा चुकी है। अब सजा पर फैसला होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *