ठाणे में 2.72 किलो एम्बरग्रीस जब्त, कीमत करीब 2.72 करोड़ रुपये; दो गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की कार्रवाई, जांभळी नाका इलाके में बिक्री की कोशिश के दौरान पकड़े गए आरोपी

इंद्र यादव/ठाणे। ठाणे शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने एम्बरग्रीस की कथित अवैध बिक्री के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 किलो 720 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ठाणे में महंगे एम्बरग्रीस की बिक्री करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे के नेतृत्व में टीम ने ठाणे पश्चिम के जांभळी नाका स्थित हायलैंड रेसिडेंसी लॉज के पास जाल बिछाया। पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम करीब 7:50 बजे दो संदिग्ध वहां पहुंचे। टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उनके पास से 2.72 किलो एम्बरग्रीस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयूर विश्वास पाटील, निवासी कोल्हापुर, और मीनाक्षी मधुकर मोहिते, निवासी सिंधुदुर्ग, के रूप में हुई है। एम्बरग्रीस को आम बोलचाल में ‘व्हेल की उल्टी’ कहा जाता है और इसका इस्तेमाल महंगे इत्र तथा सुगंधित उत्पादों में होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी भारी कीमत बताई जाती है। भारत में इससे जुड़ा अवैध कारोबार वन्यजीव संरक्षण कानून के दायरे में आता है। इस मामले में ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सुभाष मोरे कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एम्बरग्रीस आरोपियों तक कहां से पहुंचा, इसे किसे बेचा जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, संयुक्त आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण, अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त डॉ. पंजाबराव उगले और पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव के मार्गदर्शन में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *