सरकार के मुखिया के रूप में मोदी के 25 साल पूरे, आडवाणी से मिलकर लिया आशीर्वाद

पीएम मोदी बोले— सार्वजनिक सेवा और देश की प्रगति में आडवाणी का योगदान अमिट, देशभर में भाजपा ने आयोजित कीं ‘विकसित भारत संकल्प सभाएं’


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे किए हैं। उनकी यह यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ शुरू हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए आडवाणी के दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन और देश की प्रगति में उनके योगदान को याद किया। मोदी ने कहा, “मैंने आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सार्वजनिक सेवा में उनके दशकों के योगदान और हमारे राष्ट्रीय जीवन में उनके योगदान ने एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने भारत की प्रगति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”लालकृष्ण आडवाणी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में 1999 से 2004 तक गृह मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। वे 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री भी रहे। नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और मई 2014 तक इस पद पर रहे। इसके बाद मई 2014 में उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में देश की कमान संभाली और तब से इस पद पर बने हुए हैं। इस तरह 7 अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में उनकी राजनीतिक यात्रा के लगातार 25 वर्ष पूरे हुए। इस अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प सभाओं’ और मशाल रैलियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में काम करने का संकल्प लिया। उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी नड्डा ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मशाल रैली में हिस्सा लिया और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में प्रयास करने की सामूहिक शपथ दिलाई। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी से कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में हिस्सा लेते हुए पार्टी नेताओं के साथ मशाल प्रज्वलित की और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि भाजपा ने देश के जिला मुख्यालयों के साथ असम में भी ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक इस अवसर को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मना रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और लोगों को सरकार के कल्याणकारी कार्यों की जानकारी देने के साथ 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की आडवाणी से मुलाकात भी इसी महत्वपूर्ण अवसर पर हुई। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के वरिष्ठ नेता से आशीर्वाद लेते हुए सार्वजनिक सेवा और भारत की प्रगति में उनके योगदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *