दादर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी ST बस सेवा शुरू

अटल सेतु के रास्ते चलेगी बस, बोरिवली और पुणे के स्वारगेट से भी एयरपोर्ट के लिए शुरू की गई सेवाएं

मुंबई। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की मुंबई से सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (ST) ने दादर से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी बस सेवा शुरू की है। बुधवार को परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने इस सेवा का शुभारंभ किया। यह बस अटल सेतु के रास्ते दादर से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक चलेगी। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों को दादर से एयरपोर्ट तक सीधे, सुरक्षित और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एसटी के व्यापक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह बस सेवा महत्वपूर्ण है। मुंबई के प्रमुख परिवहन केंद्र दादर से सीधे एयरपोर्ट तक सेवा शुरू होने से विमान यात्रियों के साथ आम नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए एसटी महामंडल ने बोरिवली–नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और स्वारगेट–नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बस सेवाएं भी शुरू की हैं। इससे मुंबई, नवी मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों को एयरपोर्ट से सार्वजनिक परिवहन के जरिए जोड़ने में मदद मिलेगी।सरनाईक ने कहा कि यात्रियों को एयरपोर्ट तक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता के अनुसार आगे और बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *