खरखौदा के उलधन गांव का मामला: निकाह के अगले ही दिन युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

आम के बाग में पेड़ से लटका मिला 27 वर्षीय यूनुस का शव, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

मेरठ, उत्तर प्रदेश। खरखौदा क्षेत्र के उलधन गांव निवासी यूनुस कुरैशी (27) की निकाह के अगले ही दिन मौत हो गई। बुधवार सुबह उसका शव सेतकुआं निवासी फुदन सिंह के आम के बाग में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मंगलवार को ही यूनुस का निकाह मेरठ के पावली गांव निवासी अंजुम के साथ हुआ था। घटना के बाद शादी की खुशियों से भरे परिवार में मातम पसर गया। परिजनों के मुताबिक, निकाह के बाद यूनुस दुल्हन को लेकर घर लौटा था और परिवार में खुशी का माहौल था। बुधवार सुबह वह सामान्य था। नहाने और नमाज पढ़ने के बाद वह घर से बाहर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसी दौरान खेतों की ओर काम करने जा रहे कुछ किसानों की नजर आम के पेड़ पर लटके युवक के शव पर पड़ी। सूचना गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में उसकी पहचान यूनुस के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार शाम परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। घटना के कारणों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले भी यूनुस की शादी की बात चली थी, लेकिन उस समय उसने शादी से इनकार कर दिया था। इस बार भी शादी को लेकर उसके मन में असहमति होने की चर्चा है। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और परिजनों की ओर से पुलिस को इस संबंध में कोई स्पष्ट शिकायत नहीं दी गई है। निकाह के महज एक दिन बाद हुई यूनुस की मौत से परिवार और ग्रामीण स्तब्ध हैं। मंगलवार को जिस घर में शादी की रस्में और खुशियां थीं, बुधवार को उसी घर में मातम छा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *