Thursday, April 30, 2026
Google search engine
HomeIndiaखेला होवे... मोदी जीतेंगे या दीदी भारी, एग्जिट पोल की उलझी कहानी

खेला होवे… मोदी जीतेंगे या दीदी भारी, एग्जिट पोल की उलझी कहानी

पवन वर्मा

राजनीति की उर्वर धरा पश्चिम बंगाल में ‘खेला होवे’ की गूँज न सुनाई दे, तब तक चुनावी उत्सव अधूरा सा प्रतीत होता है। 2026 के विधानसभा चुनाव भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण कालखंडों में से एक के रूप में दर्ज हो चुके हैं। यह चुनाव केवल संख्या बल की लड़ाई नहीं थी, बल्कि यह बंगाल की भविष्यगामी दृष्टि और दो विपरीत राजनीतिक ध्रुवों के बीच एक निर्णायक संघर्ष था। जैसे ही मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई,चुनावी ‘आमोद-प्रमोद’ में डूबे बंगाल की नजरें उन एग्जिट पोल्स पर आकर टिक गई हैं जो राज्य की अगली सरकार की धुंधली सी तस्वीर पेश कर रहे हैं। मतदाताओं ने इस बार जिस प्रकार अभूतपूर्व उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वह वाकई ‘असाधारण’ है।

नूतन बांगलार’ का स्वप्न और राष्ट्रीय आह्वान: भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे चुनाव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और उनकी नेतृत्व क्षमता के इर्द-गिर्द केंद्रित रखा। भाजपा की रणनीति स्पष्ट थी कि ‘पोरिबोर्तन’ (परिवर्तन) के संकल्प के साथ बंगाल को एक नई पहचान दिलाना। प्रधानमंत्री की सभाओं में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण था कि राज्य का एक वर्ग ‘नूतन बांगलार’ (नए बंगाल) के विचार से प्रभावित है।भाजपा का मुख्य विमर्श शासन की कार्यशैली में पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधारों पर आधारित रहा। पार्टी ने केंद्रीय स्तर पर जारी नीतियों और बंगाल की क्षेत्रीय आवश्यकताओं के बीच एक सामंजस्य स्थापित करने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री के चेहरे पर लड़ा गया यह चुनाव इस बात का प्रतीक था कि भाजपा बंगाल को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कितनी ‘तत्पर’ है। उनके समर्थकों के लिए यह केवल चुनाव नहीं, बल्कि विकास की एक नई ‘जागृति’ थी।

क्षेत्रीय अस्मिता और ‘मां-माटी-मानुष’ की रक्षा: दूसरी तरफ, तृणमूल कांग्रेस का संपूर्ण चुनावी अभियान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संघर्ष और उनके व्यक्तित्व के इर्द-गिर्द बुना गया। ममता बनर्जी ने इस चुनाव में एक ऐसी राजनेता की भूमिका निभाई जो अपनी मिट्टी और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए ‘एकला चोलो’ की नीति पर अडिग खड़ी है। उनकी तरफ से प्रचारित हुआ कि ये चुनाव केवल सत्ता बचाने की चुनौती नहीं थी, बल्कि बंगाल की स्वायत्तता और बंगाली गौरव को अक्षुण्ण रखने की लड़ाई है। तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रचार तंत्र को क्षेत्रीय संवेदनाओं और जन-सरोकारों से जोड़कर रखा। ममता बनर्जी ने अपने भाषणों में निरंतरता, संघर्ष और बंगाल के सामाजिक ताने-बाने को बनाए रखने की अपील प्रमुखता से की। उन्होंने राज्य के हर क्षेत्र के साथ अपना जो जुड़ाव बनाया है, उसी विश्वास की पूंजी के साथ वे इस चुनावी रण में उतरीं थी। उनके समर्थकों के लिए वे केवल एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि बंगाल के हितों की सबसे प्रखर आवाज बनी रहीं।

ऐतिहासिक मतदान: एक ‘विराट’ जन-भागीदारी: बंगाल ने एक बार फिर सिद्ध किया कि लोकतंत्र की जड़ें यहाँ कितनी गहरी हैं। मतदान के प्रतिशत ने जिस प्रकार ऐतिहासिक आंकड़ों को छुआ, वह यह दर्शाता है कि राज्य का प्रत्येक वर्ग, चाहे वह प्रथम बार का युवा मतदाता हो या अनुभव की थाती समेटे वृद्ध, अपने मत की कीमत समझता है। यह ‘विराट’ जन-भागीदारी किसी बड़े राजनीतिक उलटफेर की आहट भी हो सकती है और वर्तमान व्यवस्था के प्रति गहन विश्वास की अभिव्यक्ति भी।इतनी बड़ी संख्या में लोगों का बाहर निकलना यह संदेश देता है कि जनता अब केवल मूक दर्शक नहीं है। इस ‘जन-सृष्टि’ ने चुनावी विश्लेषकों को भी अचंभित कर दिया है, क्योंकि बंगाल की राजनीति में ‘मौन मतदाता’ का व्यवहार अक्सर बड़े-बड़े अनुमानों को ‘धुलिसात’ कर देता है।

एग्जिट पोल्स का ‘जटिल’ गणित: विभिन्न न्यूज़ चैनलों और सर्वेक्षण एजेंसियों द्वारा जारी एग्जिट पोल्स ने राज्य के राजनीतिक समीकरण को और अधिक ‘रोमांचक’ बना दिया है। आंकड़ों के अनुसार परिवर्तन की संभावना है और अधिकांश सर्वेक्षण भाजपा को स्पष्ट बढ़त या बहुमत के अत्यंत निकट दिखा रहे हैं। सभी एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार भाजपा 95 से 208 के मध्य सीटें प्राप्त कर सकती है। यदि ये आंकड़े सच साबित होते हैं तो यह निश्चित है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील ने बंगाल के हृदय स्थल में अपनी जगह बनाई है। वहीं, कुछ दूसरे विश्वसनीय सर्वेक्षणों का मानना है कि टीएमसी अपनी जड़ों को बचाए रखने में इस बार कठिन दौर से गुजर रही है और वह 85 से 189 सीटों के बीच रह सकती है। यदि इन सभी अनुमानों का औसत देखा जाए, तो मुकाबला 2026 के इस चुनाव को अत्यंत संघर्षपूर्ण बना रहा है। जनादेश का सम्मान और भविष्य की राह: एग्जिट पोल्स के अनुमान चाहे जो भी हों, अंतिम परिणाम तो ‘ईश्वर’ स्वरूप जनता के हाथ में ही है। बंगाल की जनता ने अपना निर्णय सुना दिया है, जो फिलहाल मशीनों में सुरक्षित है। जीत किसी भी पक्ष की हो, लेकिन इस चुनाव ने यह प्रमाणित कर दिया है कि बंगाल की राजनीति अब पूरी तरह से द्वि-ध्रुवीय हो चुकी है। यह चुनाव बंगाल के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। जहाँ भाजपा एक नए युग की शुरुआत के प्रति आशान्वित है, वहीं तृणमूल कांग्रेस अपनी विरासत को विस्तार देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। अब सभी की प्रतीक्षा की घड़ियां उस दिन समाप्त होंगी जब मतपेटियां खुलेंगी और बंगाल के भविष्य का नया सूरज उगेगा। यह तो तय है कि विजय लोकतंत्र की ही होगी, क्योंकि बंगाल के सजग मतदाताओं ने अपनी सक्रियता से यह सुनिश्चित किया है कि ‘सत्ता’ का मार्ग केवल और केवल जनमत से होकर ही गुजरता है। *(विनायक फीचर्स)*

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments