Thursday, April 9, 2026
Google search engine
HomeCrimeएक कप चाय ने खुलवाई पोल: कुलाबा कोर्ट से फरार हिस्ट्रीशीटर विरार...

एक कप चाय ने खुलवाई पोल: कुलाबा कोर्ट से फरार हिस्ट्रीशीटर विरार से गिरफ्तार

मुंबई/पालघर। कहते हैं कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, एक छोटी सी चूक उसे कानून के शिकंजे में ले ही आती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक कप चाय को लेकर हुए मामूली विवाद ने फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, कुलाबा कोर्ट की कस्टडी से फरार आरोपी हरीसर एंथोनी जोसेफ (47) को विरार के बोलींज इलाके से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास समेत करीब 20 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार तड़ीपार भी किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक चाय की टपरी पर बैठा था। चाय पीने के बाद जब बिल चुकाने की बारी आई, तो उसका चाय विक्रेता से विवाद हो गया। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों का ध्यान इस ओर गया। पूछताछ के दौरान आरोपी घबरा गया और गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद आरोपी को बोलींज पुलिस स्टेशन लाया गया, जहाँ सख्ती से पूछताछ में उसने अपना असली परिचय उजागर कर दिया। उसने स्वीकार किया कि वह कोर्ट कस्टडी से फरार है और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और अपराधी की छोटी सी गलती भी उसे गिरफ्तारी तक पहुँचा सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments