HomeMaharashtraमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रो लाइन-9 का किया शुभारंभ, दहिसर से...

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई मेट्रो लाइन-9 का किया शुभारंभ, दहिसर से काशीगांव तक यात्रा अब तेज और आसान

मुंबई। मुंबई और मीरा-भाईंदर के बीच कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा देते हुए दहिसर पूर्व से काशीगांव तक 4.7 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर पर मंगलवार को से मेट्रो सेवा शुरू हो गई है। चार स्टेशनों वाली इस सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस पहले चरण में दहिसर पूर्व, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव जैसे चार स्टेशन शामिल हैं। यह लाइन मेट्रो-7 से जुड़ने के कारण यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। करीब 6,607 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्रोजेक्ट के कारण जो यात्रा पहले 1 से 2 घंटे में पूरी होती थी, वह अब मात्र 30 मिनट में पूरी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण का कार्य (साईबाबा नगर से सुभाषचंद्र बोस मैदान) 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इसी वर्ष उसके उद्घाटन का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में यह लाइन मेट्रो-3 से भी जुड़ेगी, जिससे मीरा-भाईंदर से कुलाबा तक निर्बाध (सीमलेस) यात्रा संभव होगी। मेट्रो सेवा में कैशलेस ट्रांजैक्शन को प्राथमिकता दी गई है और वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत टिकट डिजिटल माध्यम से खरीदे जा रहे हैं। स्मार्ट कार्ड और ‘वन कार्ड’ सिस्टम से एकीकृत परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। यह प्रोजेक्ट सौर ऊर्जा, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, एलईडी लाइटिंग और रिजेनरेटिव ब्रेकिंग जैसी तकनीकों के कारण पर्यावरण के अनुकूल भी है। इस परियोजना से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक जाम कम होने की उम्मीद है। वर्तमान में मुंबई में 100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क चालू है, जिससे दिल्ली के बाद मुंबई देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि यह प्रोजेक्ट मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और दहिसर व मीरा-भाईंदर के नागरिकों के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने बताया कि भविष्य में मेट्रो-7A, मेट्रो-3 और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के साथ एक व्यापक मेट्रो नेटवर्क विकसित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट से सड़क यातायात में 20-30 प्रतिशत तक कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण घटेगा, जिससे नागरिकों का समय बचेगा और जीवन अधिक सुविधाजनक होगा। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मेट्रो से यात्रा भी की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments