‘ऑपरेशन दहन’ के तहत सुल्तानपुर में ₹5.23 लाख का गांजा नष्ट, 19 मुकदमों के मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण
10.46 किलो अवैध गांजा इंसिनरेटर मशीन से कराया गया नष्ट, धम्मौर के 11, करौंदीकला के एक और मोतिगरपुर के सात मामलों से था संबंधित

सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत सुल्तानपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 19 मुकदमों से संबंधित 10.46 किलोग्राम अवैध गांजे का नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹5.23 लाख बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) द्वारा यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना धम्मौर के 11, करौंदीकला के एक और मोतिगरपुर के सात मुकदमों से संबंधित जब्त गांजा शामिल था। जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंसिनरेटर मशीन के माध्यम से नष्ट कराया गया। विनिष्टीकरण की पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह और प्रभारी DCRB संत कुमार सिंह की उपस्थिति में जिला स्तरीय मादक पदार्थ विनिष्टीकरण कमेटी के सदस्यों एवं पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
