180 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मिलीं मुंबई की महापौर रितु तावडे

मुंबई। विमान में बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 27 बच्चों समेत 180 यात्रियों की जान बचाने वाले फ्लायदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुंबई की महापौर रितु राजेश तावडे ने रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को सदिच्छा भेंट की। उन्होंने कैप्टन स्मित के स्वास्थ्य और उपचार के बारे में जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की। महापौर तावडे मुंबई के घाटकोपर पूर्व स्थित ‘धवलगिरी’ इमारत में रहने वाले कैप्टन स्मित के चाचा किशोर मच्छार के निवास पर पहुंचीं। वहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और कैप्टन स्मित की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति तथा उपचार के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि मच्छार परिवार का यह निवास वार्ड क्रमांक 132 में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व रितु तावडे नगरसेवक के रूप में करती हैं। महापौर ने मुंबईकरों और स्थानीय नागरिकों की ओर से परिवार के प्रति समर्थन और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर विधायक पराग शाह, नगरसेवक धर्मेश गिरी, नगरसेविका राखी जाधव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बताया गया कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लायदुबई के विमान में करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर सह-पायलट ने कथित तौर पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने संयम बनाए रखा और विमान की आपात लैंडिंग कराकर 27 बच्चों समेत 180 यात्रियों की जान बचाई। महापौर रितु तावडे ने मच्छार परिवार से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित के उपचार और उनकी सेहत में हो रहे सुधार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित के साहस ने मुंबई का गौरव बढ़ाया है और उनके जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटने की कामना की।
