प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की CBI जांच की मांग, 9 अक्टूबर को ठाणे पुलिस कमिश्नरेट पर विपक्ष का मोर्चा
परिवार ने भाजपा विधायक संजय केलकर और MLC निरंजन डावखारे से की मुलाकात, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बैठक कराने की मांग

ठाणे। शिवसेना (UBT) नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद उनका परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध कर रहा है। परिवार ने हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग करते हुए स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दखलअंदाजी की आशंका जताई है। वहीं विपक्षी दलों ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर 9 अक्टूबर को ठाणे पुलिस कमिश्नरेट पर विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। प्रदीप पूर्णेकर के परिजनों ने 2 अक्टूबर को भाजपा विधायक संजय केलकर और विधान परिषद सदस्य निरंजन डावखारे से मुलाकात की। परिवार ने दोनों नेताओं से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ जल्द बैठक कराने का आग्रह किया, ताकि मामले की जांच किसी भी राजनीतिक दबाव से मुक्त और निष्पक्ष तरीके से हो सके।
9 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नरेट पर विपक्ष का मोर्चा
पूर्णेकर हत्याकांड के बाद विपक्षी दल भी आक्रामक हो गए हैं। विपक्षी नेताओं ने 3 अक्टूबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 9 अक्टूबर को ठाणे पुलिस कमिश्नरेट तक विरोध मार्च निकालने की घोषणा की। विपक्ष का कहना है कि इस प्रदर्शन के जरिए प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के साथ ठाणे की कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व सांसद एवं शिवसेना (UBT) नेता राजन विचारे, NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता अविनाश जाधव के अलावा कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, धर्मराज्य पक्ष और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के नेता भी शामिल हुए। प्रदीप पूर्णेकर पर 29 सितंबर को कई नकाबपोश हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया था। हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर दो गोलियां चलाईं और धारदार हथियारों से भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को इन्फिनिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की जांच जारी है। इसके बावजूद परिवार CBI जांच की मांग पर अड़ा हुआ है। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे स्थानीय राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखना जरूरी है।
