सोलर प्लांट से ₹4 लाख की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी हिरासत में

कंटेनर का ताला तोड़कर कॉपर वायर, केबल, मीटर और प्रिंटर समेत सामान हुआ था चोरी, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

सीहोर, मध्य प्रदेश। सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र स्थित सोलर प्लांट से करीब चार लाख रुपये की सामग्री चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे और घर से चोरी गई करीब चार लाख रुपये कीमत की सामग्री बरामद की है। वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका के चलते उनकी तलाश जारी है। एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के अनुसार, जेक्सन कंपनी द्वारा बुधनी क्षेत्र में सोलर प्लांट स्थापित करने का काम किया जा रहा है। प्लांट परिसर में रखे एक कंटेनर में कंपनी की विभिन्न सामग्री सुरक्षित रखी गई थी। 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे कंटेनर को ताला लगाकर बंद किया गया था। अगले दिन 2 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे कर्मचारी साइट पर पहुंचे तो कंटेनर का ताला टूटा मिला और दरवाजा खुला हुआ था। जांच करने पर कंटेनर में रखे कॉपर वायर, ग्रीन कॉपर वायर, केबल, मीटर, चेयर, फेंसिंग जाली और प्रिंटर सहित अन्य सामान गायब मिला। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई। घटना की सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के संदिग्धों से पूछताछ और सुराग जुटाने के बाद कन्हैया कीर पिता कैलाश कीर (29), निवासी ग्राम पातालखो, थाना बुधनी को हिरासत में लिया। एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक, पूछताछ के दौरान चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद आरोपी के कब्जे और उसके घर की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार वहां से करीब चार लाख रुपये कीमत की चोरी गई सामग्री बरामद कर ली गई। पुलिस का कहना है कि वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उनकी पहचान और भूमिका का पता लगाने के लिए जांच और पूछताछ जारी है। संभावित ठिकानों पर भी तलाश की जा रही है। बुधनी पुलिस अब इस चोरी से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *