यूपी चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव का गठबंधन को बड़ा संदेश— ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’

सीट बंटवारे से ज्यादा गठबंधन की जीत पर जोर, बोले— मकसद साफ हो तो हाथ में हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ किया कि गठबंधन में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन-सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है।” उन्होंने गठबंधन के सभी दलों को मिलकर जीत सुनिश्चित करने का संदेश देते हुए दोहराया कि “बात सीट की नहीं, जीत की है। अखिलेश यादव ने कहा कि यह जीत केवल गठबंधन में शामिल दलों की नहीं होगी, बल्कि उन सभी लोगों की संयुक्त कोशिश की जीत होगी, जो लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके संदेश में गठबंधन के भीतर सीटों की संख्या के बजाय साझा राजनीतिक लक्ष्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिखाई दिया। सपा अध्यक्ष ने अपने संदेश में सांप्रदायिकता के साथ लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोशिश यह सुनिश्चित करने की है कि सांप्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके और लोकतंत्र, संविधान तथा आरक्षण पर ‘भाजपाई आंच’ न आए। उन्होंने देश में सौहार्द कायम करने के साथ तरक्की और खुशहाली को आगे बढ़ाने की बात कही। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट का समापन “जय संविधान-जय हिंदुस्तान!” के नारे के साथ किया। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव का यह संदेश गठबंधन में संभावित सीट बंटवारे की चर्चा के बीच स्पष्ट संकेत देता है कि समाजवादी पार्टी फिलहाल सीटों की संख्या से अधिक गठबंधन की सामूहिक जीत को प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने रख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *