धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ में दिखेगा धारावी का वर्तमान और नया भविष्य
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया उद्घाटन, पुनर्वास के घरों से लेकर उद्योग, सड़क, खुले मैदान और सामाजिक सुविधाओं तक की मिलेगी जानकारी

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अत्याधुनिक ‘धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ का उद्घाटन किया। पीएमजीपी कॉलोनी, एच ब्लॉक, बीकेसी के पास बनाए गए इस सेंटर में धारावी पुनर्विकास परियोजना की रूपरेखा, पुनर्वास के तहत नागरिकों को मिलने वाले घर, उद्योगों के लिए प्रस्तावित स्थान और भविष्य की सामाजिक बुनियादी सुविधाओं का प्रत्यक्ष एवं डिजिटल अनुभव कराया जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने उद्घाटन के बाद सेंटर का निरीक्षण भी किया। इस सेंटर में आधुनिक ऑडियो-विजुअल और डिजिटल तकनीक के माध्यम से धारावी के वर्तमान स्वरूप से लेकर भविष्य में होने वाले बदलाव तक की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। यहां नागरिकों को केवल पुनर्विकास परियोजना के नक्शे ही देखने को नहीं मिलेंगे, बल्कि वे अपने भविष्य के घर, आसपास के क्षेत्र और कार्यस्थल का भी अनुभव कर सकेंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इससे पुनर्विकास परियोजना को लेकर फैलने वाली अफवाहों, गलतफहमियों और अधूरी जानकारी को दूर करने के साथ नागरिकों में विश्वास का वातावरण बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि धारावी केवल एक झोपड़पट्टी नहीं, बल्कि एक बड़ा आर्थिक इंजन है। यहां कुंभारवाड़ा का मिट्टी के बर्तनों का उद्योग, चमड़ा व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और अन्य लघु एवं मध्यम उद्योगों से एक बड़ी अर्थव्यवस्था खड़ी हुई है। पुनर्विकास योजना में इन उद्योगों की पहचान और सम्मान को बरकरार रखते हुए उन्हें बेहतर एवं सुनियोजित कार्यस्थल उपलब्ध कराने पर विचार किया गया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक धारावी की मौजूदा सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को बनाए रखते हुए उसका व्यापक शहरी परिवर्तन करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे शहरी परिवर्तन का एक उदाहरण बताया। फडणवीस ने कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना वास्तव में कैसी होगी, आज की धारावी कैसी है और भविष्य में उसका स्वरूप किस तरह बदलेगा, इसकी ‘रियल टाइम’ जानकारी धारावी एक्सपीरियंस सेंटर में उपलब्ध होगी। पुनर्विकास के बाद उनका क्या होगा, इस सवाल को लेकर धारावीवासियों के मन में मौजूद भ्रम को दूर करने में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सेंटर में धारावी के निवासियों को मिलने वाले घरों के साथ सड़कों, खुले मैदानों, सामाजिक सुविधाओं और रोजगार के अवसरों से संबंधित जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र धारावी के नागरिकों और परियोजना से जुड़े हितधारकों के साथ देशभर में शहरी नियोजन का अध्ययन करने वालों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
