‘जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें पीएम मोदी ने खाली कराईं’: मुख्यमंत्री योगी

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के नाट्य मंचन में विपक्ष पर साधा निशाना, कहा— जनधन खातों के जरिए गरीबों तक सीधे पहुंचा पैसा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब जनधन खाते खोले जा रहे थे, तब विपक्ष इसकी खिल्ली उड़ाता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें खाली कराईं और गरीबों का पैसा सीधे उनके बैंक खातों तक पहुंचाया। जिनकी जेबों तक जनता का पैसा पहुंचता था, उन्हें इसका बुरा लगना स्वाभाविक है। मुख्यमंत्री ने यह बातें लोक भवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य श्रृंखला के मंचन कार्यक्रम में कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। उन्होंने इसे बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे सेवा की यात्रा बताया। योगी ने आरोप लगाया कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता के कारण देश में अविश्वास का माहौल था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया और उसके बाद योजनाओं को जाति, मत, मजहब, क्षेत्र या भाषा के बजाय देशवासियों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ाया गया। योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों तक आवास, रसोई गैस, शौचालय, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने युवाओं के लिए स्टार्टअप और रोजगार के अवसर बढ़ने तथा हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट के विस्तार का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने 12 करोड़ शौचालय, गरीबों के लिए पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा कवर, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जोड़ने तथा उच्च शिक्षा और चिकित्सा संस्थानों के विस्तार जैसे आंकड़े भी अपने संबोधन में गिनाए।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के अंतर्गत भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुति दी। इसमें वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की तबाही से लेकर कच्छ के पुनर्निर्माण और नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे पूरे प्रदेश तक विस्तारित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नाट्य प्रस्तुतियों को स्थानीय संस्कृति और भाषाओं से भी जोड़ा जाए। पूर्वांचल में भोजपुरी, मध्य क्षेत्र में अवधी, ब्रज क्षेत्र में ब्रज भाषा और बुंदेलखंड में बुंदेलखंडी के शब्दों के साथ स्थानीय लोकगीतों को शामिल किया जाए। कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लखनऊ जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, एमएलसी मुकेश शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा व योगेंद्र पटेल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, पवन सिंह चौहान और मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *