Wednesday, March 4, 2026
Google search engine
HomeCrimeबांद्रा रेलवे स्टेशन पर पुलिस कांस्टेबल का बैग चोरी, सर्विस पिस्टल समेत...

बांद्रा रेलवे स्टेशन पर पुलिस कांस्टेबल का बैग चोरी, सर्विस पिस्टल समेत मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। बांद्रा रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कांस्टेबल के बैग चोरी मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी हुए बैग में सर्विस पिस्टल, 29 जिंदा कारतूस, पुलिस पहचान पत्र और अन्य सामान शामिल था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पिंटू कश्यप के रूप में हुई है, जिसे बांद्रा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से ट्रेस कर हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी गई पिस्टल, कारतूस और पहचान पत्र की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
सिक्योरिटी ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल का था बैग
शिकायतकर्ता सुशांत जयराम गायकवाड़ (32), अंबरनाथ निवासी, नवी मुंबई स्थित स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स (एसआरपीएफ) ग्रुप नंबर 11 में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में वे बांद्रा के कलानगर स्थित जयदेव ठाकरे के आवास पर सुरक्षा गार्ड के रूप में ड्यूटी कर रहे हैं। जयदेव ठाकरे, दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के पुत्र हैं। 27 फरवरी की सुबह करीब 8:45 बजे गायकवाड़ गोरेगांव स्थित एसआरपीएफ ग्रुप नंबर 8 फायरिंग रेंज में मासिक फायरिंग प्रैक्टिस के लिए गए थे। अभ्यास पूरा कर वे ड्यूटी पर लौटे। रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे अपने मित्र विशाल सिंह के साथ बांद्रा में घूमने गए। सुबह करीब 2:30 बजे वे बांद्रा रेलवे स्टेशन पहुंचे, लेकिन अंतिम लोकल ट्रेन छूट जाने के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 1 के माहिम छोर पर एक बेंच पर सो गए। सुबह 4:30 बजे जब उनकी नींद खुली, तो उनका बैग गायब था। बैग में लगभग 1.5 लाख रुपये कीमत की सरकारी पिस्टल, 29,000 रुपये के 29 जिंदा कारतूस, पुलिस पहचान पत्र, कपड़े और अन्य सामान था। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1.79 लाख रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
सरकारी हथियार चोरी होने की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच को संयुक्त जांच के निर्देश दिए। सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आशीष कश्यप को सोमवार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। जांच में सामने आया कि बैग खोलकर पिस्टल और कारतूस देखकर वह घबरा गया। इसके बाद उसने बैग को स्टेशन के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर रखा और फरार हो गया। वह बांद्रा से दादर होते हुए विद्याविहार की ओर भागा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पुलिस को उसे ट्रैक करने में सफलता मिली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी हुई सरकारी पिस्टल, जिंदा कारतूस और पहचान पत्र की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments