मुंबई एयरपोर्ट पर सोना-हीरा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार

बांग्लादेशी और श्रीलंकाई नागरिक भी शामिल, ₹12.64 करोड़ का 8.32 किलो सोना और ₹1.10 करोड़ के हीरे जब्त

मुंबई। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) मुंबई के अधिकारियों ने सोने और हीरे की तस्करी में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बांग्लादेशी और श्रीलंकाई नागरिक भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने ₹1.10 करोड़ के हीरे और 8,320 ग्राम सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब ₹12.64 करोड़ बताई गई है। डीआरआई सूत्रों के अनुसार, एजेंसी को एस.के. अंसारी नामक व्यक्ति के बारे में विशेष जानकारी मिली थी। अंसारी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर एक खाने-पीने की दुकान में ग्राउंड स्टाफ के तौर पर काम करता था। उस पर एयरपोर्ट के रास्ते सोने और हीरे की तस्करी में शामिल होने का संदेह था। मिली जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट कर्मचारी अंसारी को एम.एस.एल. बल्ली नामक एक यात्री को हीरे सौंपने थे। बल्ली बुधवार रात मुंबई से दुबई जाने वाला था। सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने अंसारी और बल्ली को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान अधिकारियों को अंडे के आकार के तीन कैप्सूल मिले, जिनमें मोम के रूप में सोना होने का संदेह था। दोनों से पूछताछ के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और गिरोह से कथित रूप से जुड़े चार बांग्लादेशी तथा दो श्रीलंकाई नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। डीआरआई की कार्रवाई में कुल 8,320 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12.64 करोड़ है, और ₹1.10 करोड़ मूल्य के हीरे बरामद कर जब्त किए गए। इस तरह जब्त सोने और हीरों की कुल अनुमानित कीमत ₹13.74 करोड़ है। डीआरआई अब इस तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ था तथा सोने और हीरों की तस्करी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *