180 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छर पर महाराष्ट्र को गर्व: मुख्यमंत्री फडणवीस
जानलेवा हमले और गंभीर चोट के बावजूद दिखाई सूझबूझ, फ्लाईदुबई विमान के यात्रियों की बचाई जान

मुंबई। खुद पर जानलेवा हमला होने के बावजूद फ्लाईदुबई विमान के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए विमान में सवार 180 यात्रियों की जान बचाई। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई निवासी कैप्टन स्मित मच्छर के इस असाधारण साहस की सराहना करते हुए उन्हें ‘सच्चा हीरो’ बताया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के इस सपूत पर पूरे देश को गर्व है।मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने अभिनंदन संदेश में कहा, “मुंबई के सपूत और सच्चे ‘हीरो’ कैप्टन स्मित पर मुझे गर्व है। स्मित ने बेहद असाधारण और विलक्षण तरीके से सैकड़ों लोगों की जान बचाई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने जिस सूझबूझ और साहस का परिचय दिया, वह वास्तव में अनुकरणीय है।”मुख्यमंत्री ने कठिन परिस्थिति में एक टीम की तरह तत्परता से काम करने वाले यात्रियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट के समय यात्रियों ने जिस तरह एकजुट होकर काम किया, वह भी प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “आप युवाओं के लिए प्रेरणास्थान हैं। महाराष्ट्र और देश को आप पर गर्व है।”कैप्टन स्मित मच्छर द्वारा गंभीर परिस्थितियों और चोट के बावजूद विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिखाई गई सूझबूझ और बहादुरी की मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सराहना की।
