
मुंबई (इंद्र यादव)। ठाणे शहर में नशा माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए ठाणे पुलिस की गुन्हे शाखा (क्राइम ब्रांच), घटक-1 ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर बिछाए गए जाल में पुलिस ने एक नीले रंग की कार से 123.640 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹30,91,000 बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में शामिल मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गांजे की इस बड़ी खेप को सफेद बोरियों में भरकर कार के जरिए शहर में खपाने की योजना बनाई थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा संगठित गिरोह सक्रिय है। यह कार्रवाई ठाणे शहर में फैलते नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।




