उन्नाव में सफाई मित्रों का सम्मान, विधायक पंकज गुप्ता ने बांटी सुरक्षा किट

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निराला प्रेक्षागृह में सफाई मित्र सम्मान एवं शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक पंकज गुप्ता उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद उन्नाव के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार गौतम ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सफाई मित्र स्वच्छ और स्वस्थ समाज की आधारभूत कड़ी हैं। वे प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके सम्मान के साथ उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छ वातावरण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने सफाई मित्रों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने स्वच्छता, सफाई एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की शपथ ली। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि समाज की सेवा में निरंतर जुटे सफाई कर्मियों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
