मोरबे बांध परियोजना प्रभावितों को सीधी नियुक्ति देकर हो पुनर्वास: माधुरी मिसाल
CIDCO के 14 रेलवे स्टेशनों पर वर्षों से कार्यरत 323 सफाई कर्मचारियों को मध्य रेलवे की सेवा में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

मुंबई। मोरबे बांध परियोजना से प्रभावित लोगों को बारवी बांध परियोजना प्रभावितों की तर्ज पर सीधी नियुक्ति के माध्यम से सरकारी सेवा में शामिल कर उनका पुनर्वास करने संबंधी प्रस्ताव पेश करने के निर्देश नगर विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने दिए हैं। बुधवार को सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित बैठक में वन मंत्री गणेश नाईक भी उपस्थित रहे। उन्होंने परियोजना प्रभावितों की समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए। राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने कहा कि नवी मुंबई में CIDCO के अधिकार क्षेत्र वाले 14 रेलवे स्टेशनों के हस्तांतरण के दौरान इन स्टेशनों पर वर्षों से सफाई की जिम्मेदारी संभाल रहे 323 सफाई कर्मचारियों को मध्य रेलवे की सेवा में समाहित करने के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना से प्रभावित पत्थर खदान और क्रशर प्लॉट धारकों के पुनर्वास के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
नेरुल स्टेशन पर नशे और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
बैठक में नेरुल रेलवे स्टेशन परिसर की स्थिति का मुद्दा भी उठा। माधुरी मिसाल ने कहा कि स्टेशन परिसर में नशा करने वालों की आवाजाही, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, दुर्गंध, गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए रेलवे प्रशासन महानगरपालिका को आवश्यक अधिकार सौंपे। सुरक्षा की दृष्टि से स्टेशन के दोनों ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण करने और उसका सौंदर्यीकरण CIDCO के माध्यम से कराने के निर्देश भी दिए गए। माधुरी मिसाल ने नवी मुंबई के रेलवे स्टेशनों की स्थिति सुधारने के लिए रेलवे प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही रेलवे परिसरों के आसपास सड़क, यातायात व्यवस्था, पार्किंग सुविधा और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
