
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में उपायुक्त (सुधार) पद पर कार्यरत संजोग कबरे को शुक्रवार को पदोन्नति देकर सह आयुक्त बनाया गया है। उनके प्रमोशन की घोषणा होते ही बीएमसी के कर्मचारियों और अधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। काफी समय से उनका प्रमोशन लंबित था, जिसे लेकर कर्मचारियों में भी उत्सुकता बनी हुई थी। संजोग कबरे को एक मिलनसार, कर्मठ और कार्यकुशल अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वे अपने सकारात्मक व्यवहार और प्रशासनिक दक्षता के कारण बीएमसी में खास पहचान रखते हैं।
कार्यकुशलता और प्रशासनिक अनुभव
संजोग कबरे ने उपायुक्त और सहायक आयुक्त के रूप में रहते हुए बीएमसी के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक सुधार, अनुशासन, और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाए गए। बीएमसी सूत्रों के अनुसार, उनकी पदोन्नति से नगर निगम के प्रशासनिक कामकाज को और गति मिलने की उम्मीद है। कर्मचारियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में सेवा सुधार और प्रशासनिक दक्षता को नई दिशा मिलेगी।



