स्वच्छता ही सेवा अभियान: रतलाम मंडल में श्रमदान और पौधारोपण

विश्व पर्यटन दिवस पर विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर चला स्वच्छता अभियान, यात्रियों को जिम्मेदार पर्यटन के प्रति किया जागरूक

रतलाम, मध्य प्रदेश। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत रविवार को मंडल कार्यालय परिसर स्थित अधिकारी विश्राम गृह गार्डन एंट्री पर स्वच्छता श्रमदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार एवं पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक कुंजीलाल मीणा सहित मंडल के अधिकारी-कर्मचारी, स्काउट एवं गाइड तथा विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रतलाम मंडल के विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर भी स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन के यात्रियों के बीच पातालपानी स्टेशन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और यात्रियों को जिम्मेदार पर्यटन एवं नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तथा दाहोद और चित्तौड़गढ़ स्टेशनों पर स्थित हेरिटेज स्टीम लोको के आसपास स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। नीमच स्टेशन पर भी गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों और पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई के साथ थीम आधारित जागरूकता गतिविधियां भी की गईं। रतलाम मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत यात्रियों और आमजन को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *