‘ऑपरेशन बॉर्डर बुलियन बस्ट’: DRI ने पकड़ा अंतरराष्ट्रीय गोल्ड तस्करी सिंडिकेट, 11 गिरफ्तार
नौ महीने में 318 किलो विदेशी सोना देशभर में पहुंचाने का खुलासा, कीमत करीब ₹475 करोड़, पांच शहरों में एक साथ कार्रवाई

मुंबई। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की मुंबई जोनल यूनिट ने सोने की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन बॉर्डर बुलियन बस्ट’ के तहत मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और गुवाहाटी में एक साथ कार्रवाई करते हुए कथित सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट पिछले करीब नौ महीनों में देशभर में लगभग 318 किलोग्राम विदेशी सोना पहुंचा चुका था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹475 करोड़ है। सोना कथित तौर पर पश्चिम बंगाल और असम में भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया जाता था। इसके बाद तस्करी के सोने को छोटे-छोटे पार्सलों में पैक कर बिना उचित दस्तावेजों के कूरियर कंपनियों के माध्यम से गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के स्थानीय बुलियन बाजारों तक पहुंचाया जाता था। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर DRI ने 23 सितंबर को देशव्यापी संयुक्त अभियान शुरू किया। इस दौरान गुवाहाटी और कोलकाता से भेजे गए संदिग्ध कूरियर पार्सलों को रास्ते में ही रोक लिया गया। मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में इन पार्सलों को लेने पहुंचे सात लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद एजेंसी ने पार्सल भेजने से जुड़े लोगों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया और कोलकाता से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं पूरे सिंडिकेट के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालने वाले कथित सरगना को मुंबई में गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान DRI अधिकारियों ने 6.61 किलोग्राम विदेशी सोने की छड़ें जब्त कीं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹10.36 करोड़ बताई गई है। सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है। DRI की कार्रवाई से ऐसे संगठित नेटवर्क का पता चला है, जिसमें सीमावर्ती इलाकों से देश के बड़े शहरों तक तस्करी का विदेशी सोना पहुंचाने के लिए कूरियर सेवाओं का कथित तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा था। एजेंसी सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों, सोने की आपूर्ति और पूरे नेटवर्क की आगे की जांच कर रही है।
