वसई रोड-भायंदर के बीच आज रात 4 घंटे का जम्बो ब्लॉक

धीमी लाइन की ट्रेनें फास्ट लाइन पर चलेंगी, कुछ लोकल सेवाएं रहेंगी रद्द; रविवार को दिन में कोई ब्लॉक नहीं

मुंबई। पश्चिम रेलवे द्वारा रेलपथ, सिग्नलिंग प्रणाली और ऊपरी उपस्करों के रखरखाव के लिए शनिवार-रविवार, 26/27 सितंबर की मध्यरात्रि को वसई रोड और भायंदर स्टेशनों के बीच चार घंटे का जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा। रविवार को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं रहेगा।पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वसई रोड और भायंदर के बीच अप एवं डाउन धीमी लाइनों पर रात 12.30 बजे से सुबह 4.30 बजे तक जम्बो ब्लॉक रहेगा।ब्लॉक के दौरान धीमी लाइन की सभी ट्रेनों को विरार/वसई रोड और बोरीवली/भायंदर के बीच फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। इस दौरान कुछ उपनगरीय लोकल सेवाएं रद्द भी रहेंगी। रद्द की जाने वाली लोकल ट्रेनों की विस्तृत सूची उपनगरीय खंड के सभी संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध कराई जाएगी।पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रविवार, 27 सितंबर को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय इस व्यवस्था को ध्यान में रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *