सूखे से प्रभावित किसानों को सरकार नहीं छोड़ेगी बेसहारा: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार

नांदेड के सोनखेड और लोहा में फसलों का किया निरीक्षण, पंचनामे के आधार पर मिलेगी मदद, पात्र किसानों को कर्जमाफी का भी लाभ

नांदेड। बारिश में लंबे अंतराल के कारण राज्य में सूखे जैसी स्थिति पैदा हो गई है। राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को खेतों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर पंचनामा करने के निर्देश दिए हैं। पंचनामे और निरीक्षण के आधार पर नुकसानग्रस्त किसानों को सहायता दी जाएगी। “सरकार किसानों को बेसहारा नहीं छोड़ेगी,” यह भरोसा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने दिया। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने शनिवार को नांदेड जिले के सोनखेड और लोहा में फसलों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, विधायक विक्रम काळे, प्रताप पाटील चिखलीकर और आनंद तिडके-बोंढारकर, जिलाधिकारी राहुल कर्डिले, मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश पाटील सहित कृषि एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पवार ने कहा कि बारिश नहीं होने से खेतों में फसलें सूख गई हैं और किसानों की स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा, “मैं खुद मराठवाड़ा की बेटी हूं और यहां की सूखे की स्थिति को अच्छी तरह जानती हूं।” सरकार ने किसानों की भावनाओं और परेशानियों को गंभीरता से लिया है। प्रशासन को प्रत्यक्ष निरीक्षण और पंचनामे के निर्देश दिए गए हैं तथा जिस किसान का जितना और जिस प्रकार का नुकसान हुआ है, उसी के अनुसार सहायता दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ दिया जाएगा। सूखे की स्थिति में किसान परिवारों के लिए पीने का पानी, पशुओं के लिए पानी और चारा तथा बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और नुकसानग्रस्त किसानों को जल्द सहायता दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान सुनेत्रा पवार ने किसानों और महिला किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है और हरसंभव सहायता की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *