मीट कारोबारी के घर में घुसकर मां-बाप से मारपीट, रंगदारी मांगने का आरोप

मेरठ, उत्तर प्रदेश। सदर के भूसा मंडी इलाके में मीट कारोबारी शोएब तैय्यब के घर में घुसकर उसके माता-पिता से मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुख्यात बदन सिंह बद्दो के करीबी और रेलवे रोड थाने के एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथी के साथ मिलकर रुपये नहीं देने पर कारोबारी और उसके माता-पिता को गोली मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। मीट कारोबारी शोएब ने बताया कि घटना के समय वह किसी काम से घर से बाहर गया था। गुरुवार शाम बदन सिंह बद्दो का करीबी बताया जा रहा रेलवे रोड थाने का हिस्ट्रीशीटर बागपत निवासी अपने एक साथी के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने घर में मौजूद शोएब के माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा रुपयों की मांग की। आरोपियों ने पिस्टल निकालकर रुपये नहीं देने पर शोएब और उसके माता-पिता को गोली मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद कारोबारी का परिवार दहशत में है। शोएब ने सदर बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने कहा कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सदर बाजार थाना पुलिस को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
