सूखा प्रभावित किसानों को तत्काल सहायता देगी राज्य सरकार: सीएम फडणवीस
सूखा संहिता के ‘ट्रिगर एक’ के तहत आदेश जारी करने की घोषणा, दीपावली से पहले सहायता पहुंचाने का लक्ष्य

अमरावती। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अमरावती संभाग के जिलों में सूखे से फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों को तत्काल राहत देने के लिए राज्य सरकार सूखा संहिता के ‘ट्रिगर एक’ के तहत सहायता का आदेश शुक्रवार को जारी करेगी। उन्होंने कहा कि सहायता देने के लिए राज्य सरकार केंद्र से धन मिलने का इंतजार नहीं करेगी। गुरुवार को वाशिम के सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री ने अमरावती विमानतल पर संभागीय आयुक्त नयना गुंडे, अमरावती के जिलाधिकारी आशिष येरेकर और वाशिम के जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर से स्थिति पर चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र से सहायता प्राप्त करने के लिए पंचनामा सहित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में चारे, पानी और खाद्यान्न की संभावित जरूरतों के लिए उपाय किए जाएंगे। किसानों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों तक राहत राशि दीपावली से पहले पहुंच जाए।
रबी की खेती और रोजगार पर भी जोर
फडणवीस ने कहा कि जहां पानी उपलब्ध है, वहां रबी की फसल ली जा सकती है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। रबी की खेती के लिए किसानों को सहायता देने की भी योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जलसंधारण के काम बढ़ाए जाएंगे। इसके तहत जलस्रोतों से गाद निकालने, जलधारण संरचनाएं बनाने और मरम्मत की जरूरत वाले तालाबों की पहचान कर काम शुरू करने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, कर्जमाफी की राशि किसानों के खातों में जमा की जा रही है। कर्जमाफी का लाभ पाने वाले किसानों को बैंकों द्वारा नियमानुसार नया कर्ज दिया जाना चाहिए। उन्होंने कृषि उपज की सरकारी दर पर खरीद के लिए जल्द पंजीकरण शुरू करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला सरकारी अस्पताल में आग लगने की घटना की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।
