युवा नेता नरेंद्र मिश्रा ने किया ‘आपला गणराज’ का दर्शन

मुंबई। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच बच्ची देवी सोसायटी में श्री गणेश परिवार मित्र मंडल के ‘आपला गणराज’ पंडाल में गुरुवार को श्री सत्यनारायण पूजा और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। पूजा में स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर युवा नेता एवं उत्तर मध्य मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ चुके नरेंद्र मिश्रा पंडाल पहुंचे। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंडल के कोषाध्यक्ष ललित तिवारी ने उनका स्वागत किया। बच्ची देवी सोसायटी में मंडल के युवा सदस्य 22 वर्षों से गणेशोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने उत्साह और भक्तिभाव से गणपति बप्पा की स्थापना की। मंडल के सदस्यों ने पूजा और महाप्रसाद की व्यवस्थाएं संभालीं। श्री सत्यनारायण पूजा के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसका सैकड़ों लोगों ने लाभ लिया। आयोजन में स्थानीय परिवारों और युवाओं की भागीदारी रही। मंडल के सदस्यों के अनुसार, वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की यह परंपरा सोसायटी के निवासियों को एक साथ आने का अवसर देती है।
