सरकारी प्रशासन से जुड़ी शिकायतें लोकायुक्त के समक्ष रखें: न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे
मलाड में आयोजित सम्मान समारोह में महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के अध्यक्ष ने नागरिकों को उसके कामकाज की जानकारी दी

मुंबई। महाराष्ट्र लोकायुक्त संस्था के अध्यक्ष एवं बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे ने कहा कि संस्था को मजबूत किया गया है और वह सार्वजनिक प्रशासन से जुड़ी शिकायतों की जांच कर सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए लोकायुक्त के समक्ष जाएं। न्यायमूर्ति शुक्रे गुरुवार को मलाड पश्चिम में ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने महाराष्ट्र लोकायुक्त अधिनियम, 2023 के तहत संस्था के कामकाज और शिकायतों की जांच की प्रक्रिया के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक किस प्रकार की शिकायतें लोकायुक्त के सामने रख सकते हैं। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र की प्रभारी सिस्टर निर्जा ने न्यायमूर्ति शुक्रे को स्मृति चिह्न, गुलदस्ता, साफा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत शास्त्रीय गायिका शिवानी डिगे की गणेश स्तुति से हुई। अंत में न्यायमूर्ति शुक्रे ने उपस्थित लोगों से संवाद किया।
