शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष सेवाएं मजबूत करेंगे: मंत्री प्रकाश आबिटकर

मुंबई। सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने कहा कि बीमारियों के उपचार के साथ उनकी रोकथाम पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए आयुर्वेद, संतुलित आहार और योग को जीवनशैली में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करेगी। आबिटकर आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवा आयुक्तालय में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर उपस्थित थीं। कार्यक्रम में ‘पारंपरिक खाद्य पाककृती’, ‘भविष्यासाठी आयुर्वेद’ और ‘वार्धक्य काळात आयुर्वेदाची साथ’ पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया। मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष अभियान के तहत राज्य की 261 स्वास्थ्य संस्थाओं में आयुष सेवाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा 390 स्थानों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से आयुष चिकित्सा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि आयुष ग्राम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और योग दिवस जैसे उपक्रमों से स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
