बीएमसी की चित्रकला प्रतियोगिता में 1.27 लाख विद्यार्थियों ने भरे ‘विकसित भारत’ के रंग

‘सेवा संकल्प अभियान’ को मिला जबरदस्त प्रतिसाद, मुंबई के 1,043 मनपा स्कूलों के 1,27,569 विद्यार्थी हुए शामिल, प्रत्येक स्कूल की 24 उत्कृष्ट कलाकृतियों का होगा सम्मान

मुंबई। विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित भव्य चित्रकला प्रतियोगिता को विद्यार्थियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला। मुंबई के 1,043 मनपा स्कूलों के कुल 1 लाख 27 हजार 569 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी कल्पनाशक्ति के जरिए ‘विकसित भारत’ और सेवाकार्यों को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारा। मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल के मार्गदर्शन में बीएमसी के शिक्षा विभाग की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार, 22 सितंबर को महानगरपालिका स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
‘विकसित भारत’ की कल्पना को बच्चों ने दिया रंग
प्रतियोगिता के लिए ‘विकसित भारत’ और ‘प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवाकार्य’ जैसे विषय निर्धारित किए गए थे। विद्यार्थियों ने इन विषयों पर अपनी कल्पनाशक्ति और कला का प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग चित्र तैयार किए। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में बांटा गया था। कक्षा पांचवीं और छठी, सातवीं और आठवीं तथा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग समूह बनाए गए थे। बीएमसी के मुताबिक, प्रतियोगिता के लिए शुरुआत में 924 स्कूलों के 1 लाख 10 हजार 207 विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ था, लेकिन वास्तविक प्रतियोगिता में भाग लेने वाले स्कूलों और विद्यार्थियों की संख्या इससे भी अधिक रही। कुल 1,043 मनपा स्कूलों के 1 लाख 27 हजार 569 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। बीएमसी ने इसे विद्यार्थियों के उत्साह और अभियान की व्यापक पहुंच का संकेत बताया है।
स्कूलों में दिखा चित्रकला प्रतियोगिता का उत्साह
मुंबई के विभिन्न मनपा स्कूलों में प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जी-दक्षिण विभाग के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इंग्लिश स्कूल, ई-विभाग के एमपीएस न्यू भायखला इंग्लिश स्कूल और एफ-उत्तर विभाग के नाडकर्णी पार्क मनपा स्कूल परिसर, वडाला सहित विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान जनप्रतिनिधियों और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों द्वारा बनाई जा रही कलाकृतियों को देखा। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रत्येक स्कूल की 24 सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियां होंगी सम्मानित
विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। गुरुवार, 24 सितंबर को प्रत्येक स्कूल के सभागार अथवा बरामदे में इन चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी देखने के लिए विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रत्येक स्कूल में तीनों समूहों से आठ-आठ उत्कृष्ट चित्रों का चयन किया जाएगा। इनमें प्रत्येक समूह से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के साथ पांच प्रोत्साहन पुरस्कार शामिल होंगे। इस तरह हर स्कूल से कुल 24 उत्कृष्ट कलाकृतियों का चयन कर उनका सम्मान किया जाएगा।
महापौर समेत जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान मुंबई की महापौर रितु तावड़े, विधायक अतुल भातखलकर, विधायक एड. पराग अलवणी, शिक्षा समिति की सभापति राजश्री शिरवडकर, नगरसेविका आशा मराठे, नगरसेवक महादेव शिवगण, नगरसेवक प्रकाश गंगाधरे, नगरसेवक मिलिंद शिंदे, नगरसेविका ममता यादव, नगरसेविका कल्पेशा कोठारी और नगरसेविका साक्षी दळवी ने विभिन्न स्कूलों का दौरा किया शिक्षणाधिकारी कीर्तिवर्धन किरतकुडवे सहित बीएमसी के अन्य अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों को देखकर उनकी सराहना की और उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा को आगे भी निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। बीएमसी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता के जरिए जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला, वहीं बच्चों ने रंग और रेखाओं के माध्यम से ‘विकसित भारत’ को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को भी अभिव्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *