आधी रात बुजुर्ग को रोककर मारपीट और लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
₹70 हजार की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद, काली माता मंदिर के पास हुई थी वारदात

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में आधी रात घर लौट रहे 63 वर्षीय व्यक्ति को रास्ते में रोककर मारपीट करने और सोने की अंगूठी व नकदी लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹70 हजार कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद की है। माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के अनुसार, घड़ी चौक विजय नगर निवासी प्रदीप कुमार नेमा (63) 26 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे प्रयागराज से जबलपुर पहुंचने के बाद चुंगी नाका से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान काली माता मंदिर के पास दो बदमाशों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नेमा का कॉलर पकड़कर उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने उनकी अंगुली से डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी निकाल ली, जबकि जेब में रखे करीब ₹400 भी छीन लिए। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर माढ़ोताल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने 17 सितंबर को राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल निवासी नंदू उर्फ शिव कुमार नायक (30) को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर करमेता निवासी संजू केवट (22) को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई करीब ₹70 हजार कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार, उपनिरीक्षक विश्वेश्वर वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक विजय शुक्ला सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
