दिनदहाड़े ₹40 लाख लूटकर बने ‘हीरो’, 24 घंटे में ठाणे क्राइम ब्रांच ने उतार दी सारी ‘हीरोगिरी’

लाठी-डंडों से हमला कर कैश बैग लूटने का आरोप; छह गिरफ्तार, करीब ₹36.48 लाख और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद

इंद्र यादव/ठाणे। कुछ लोगों को शायद लगता है कि दिन के उजाले में लाठी-डंडे लेकर किसी से लाखों रुपये छीन लेना बड़ी बहादुरी है। लेकिन कल्याण में हुई करीब ₹40 लाख की सनसनीखेज लूट के मामले में ठाणे क्राइम ब्रांच ने महज 24 घंटे में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी कथित ‘हीरोगिरी’ का पर्दा गिरा दिया। पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को दोपहर करीब सवा एक बजे उल्हासनगर स्थित क्रांति फूड एजेंसी के दो कर्मचारी करीब ₹40 लाख नकद बैंक ऑफ बड़ौदा की कल्याण पश्चिम शाखा में जमा कराने जा रहे थे। सहजानंद चौक से लालचौकी की ओर जाते समय मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोका, लाठी-डंडों से मारपीट की और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मामला बाजारपेठ पुलिस स्टेशन पहुंचा और क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर छह संदिग्धों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ₹36.48 लाख नकद और वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर अख्तर शेख (28), आफताब असलम खान (25), शाहनवाज गफ्फार हसन अंसारी (36), सोहेल युनुस शेख (24), मुजाहिद अनवर खान (24) और शाहीद इसाक शेख (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को अदालत ने 22 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा है। यह कार्रवाई ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुबेरे और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम ने की। महिला पुलिसकर्मी मंगल गावित समेत जांच टीम ने बेहद कम समय में आरोपियों तक पहुंचकर अधिकांश रकम बरामद कर ली।दिनदहाड़े लाखों लूटकर मोटरसाइकिल से भागने वालों ने शायद सोचा होगा कि मामला खत्म हो गया, लेकिन ठाणे पुलिस ने बता दिया—सड़क पर फिल्मी अंदाज में अपराध करना आसान लग सकता है, मगर असली कहानी पुलिस की गिरफ्त में पहुंचकर ही खत्म होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *