जलविहार महोत्सव में 500 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, CCTV से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

झांसी, उत्तर प्रदेश। आगामी जलविहार महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झांसी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार, 20 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। महोत्सव के दौरान 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात करने के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी विकास कुमार ने मेला परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। एसएसपी ने धर्मगुरुओं और मेला पदाधिकारियों के साथ भी वार्ता की। इस दौरान महोत्सव की तैयारियों, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। मेला पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। महोत्सव में सुरक्षा के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की जा रही है। मेला स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात प्रभावित न हो और आपात स्थिति में रास्ता उपलब्ध रहे, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती, क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
