गणेश मंडल से दुर्व्यवहार का आरोप: संजय राऊत ने पुलिस आयुक्त से की डीसीपी हेमराज राजपूत की शिकायत

मुंबई। राज्यसभा सांसद संजय राऊत ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को पत्र लिखकर गणेशोत्सव के दौरान ट्रैफिक डीसीपी हेमराज राजपूत के व्यवहार को लेकर गंभीर शिकायत की है। राऊत ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान पुलिस बेहतरीन काम कर रही है, लेकिन कुछ घटनाओं के कारण पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचता है। रविवार को एक्स पर संजय राऊत ने पत्र को पोस्ट किया है जिसमें कहा है कि कुलाबा के 3, पास्ता लेन स्थित बालगोपाल मित्र सार्वजनिक उत्सव मंडल में डीसीपी ट्रैफिक हेमराज राजपूत पहुंचे थे। राऊत के मुताबिक, मंडल के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर शिकायत की कि डीसीपी राजपूत ने मंडल के पदाधिकारियों को जोर-जोर से धमकाया और गाली-गलौज की। पत्र में वहां मौजूद महिलाओं के साथ असभ्य व्यवहार करने तथा उनके मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया गया है। राऊत ने सवाल उठाया कि गणेशोत्सव मंडप के लिए नियमानुसार अनुमति होने और कई वर्षों से उसी स्थान पर उत्सव आयोजित किए जाने के बावजूद डीसीपी राजपूत ने ऐसा व्यवहार क्यों किया? उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया है। राऊत ने पत्र में मंडल के अध्यक्ष प्रसन्न पांडे को सामाजिक कार्यकर्ता बताया गया है। राऊत ने आगे लिखा है कि मंडल के कार्यकर्ताओं ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव में मकरंद नार्वेकर का समर्थन नहीं किया था और इसी बात की नाराजगी मन में रखते हुए डीसीपी राजपूत द्वारा यह गैरजिम्मेदाराना व्यवहार किए जाने की बात सामने आ रही है। संजय राऊत ने पुलिस आयुक्त देवेन भारती से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंडल के पदाधिकारी आज भी डीसीपी राजपूत के व्यवहार से दहशत में हैं और उन्हें आशंका है कि उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *