ST बेड़े में शामिल होंगी 200 अत्याधुनिक AC वोल्वो बसें
लंबी दूरी पर निजी लग्जरी बसों को टक्कर देने की तैयारी; दिन में 45 सीटर और रात में स्लीपर सेवा, मोबाइल से होगी टिकट बुकिंग

मुंबई। महाराष्ट्र के गांवों से लेकर शहरों तक आम यात्रियों की ‘लोकवाहिनी’ के रूप में पहचान रखने वाली एसटी महामंडल अब लंबी दूरी के आरामदायक सफर में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। निजी लग्जरी बसों की ओर रुख करने वाले यात्रियों को वापस एसटी की ओर आकर्षित करने के लिए महामंडल अपने बेड़े में स्वयं के स्वामित्व वाली 200 अत्याधुनिक वातानुकूलित वोल्वो बसें शामिल करने जा रहा है। परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पहली बार महामंडल के अपने बेड़े में वोल्वो बसों को शामिल किया जाएगा। नई बस सेवा में सुरक्षा, आराम, आधुनिक तकनीक और बेहतर यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर रहेगा। एसटी का लक्ष्य केवल निजी लग्जरी बसों का विकल्प उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके मुकाबले की आधुनिक और भरोसेमंद सेवा शुरू करना है। सरनाईक ने कहा कि लंबी दूरी के सफर के लिए बड़ी संख्या में यात्री अधिक किराया चुकाकर निजी लग्जरी बसों का इस्तेमाल करते हैं। वातानुकूलित सुविधा, आरामदायक सीटें, रात में स्लीपर व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के कारण निजी बस सेवाओं का एक अलग यात्री वर्ग तैयार हुआ है। अब एसटी इसी वर्ग को अपनी ओर आकर्षित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
दिन में आरामदायक सीट, रात में स्लीपर
250 किलोमीटर से अधिक और कम से कम पांच से छह घंटे की यात्रा वाले मार्गों पर 45 सीटों वाली आरामदायक वातानुकूलित बसें चलाने की योजना है। वहीं रात की लंबी दूरी की यात्रा के लिए 30 अथवा 45 स्लीपर क्षमता वाली बसें उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है। इस व्यवस्था से दिन और रात में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार सीटिंग या स्लीपर बस चुनने का विकल्प मिलेगा। खास तौर पर मुंबई, पुणे, नागपुर और राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए मार्गों का अध्ययन किया जाएगा।
मोबाइल से बुक होगा टिकट
नई लग्जरी बस सेवा की सबसे बड़ी खासियत डिजिटल टिकट बुकिंग होगी। एसटी की आधिकारिक ऑनलाइन आरक्षण प्रणाली के साथ निजी डिजिटल ट्रैवल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी इन बसों के टिकट बुक करने की सुविधा देने की योजना है। यात्री अपने मोबाइल पर बस का समय, मार्ग और उपलब्ध सीटों की जानकारी देखकर घर बैठे टिकट आरक्षित कर सकेंगे। इसके लिए बस स्टेशन पहुंचकर टिकट खरीदने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। डिजिटल टिकट प्रणाली के जरिए एसटी अपनी प्रीमियम बस सेवा को आधुनिक यात्री परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी कर रही है।
यात्रियों को मिलेगी हॉस्पिटैलिटी सेवा
एसटी केवल नई वोल्वो बसें चलाने तक सीमित नहीं रहना चाहती। यात्रियों को हाई-एंड सेवा का अनुभव देने के लिए इन बसों में हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की जिम्मेदारी निजी संस्था को देने की योजना भी बनाई जा रही है। बस में यात्रियों का स्वागत, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, यात्रा संबंधी जानकारी और अन्य सेवाओं के प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद ली जाएगी। इसके जरिए एसटी की पारंपरिक सेवा में आधुनिक ग्राहक सेवा और हॉस्पिटैलिटी की अवधारणा जोड़ी जाएगी।
पहले होगा मांग वाले मार्गों का सर्वे
200 वोल्वो और स्लीपर बसों को किन मार्गों पर चलाया जाए, इसके लिए महाराष्ट्र के साथ अंतरराज्यीय मार्गों का भी व्यापक अध्ययन किया जाएगा। खास तौर पर उन मार्गों पर नजर रहेगी जहां अभी निजी लग्जरी बसों की अधिक मांग है। यात्रियों की संख्या, मांग, पहले से उपलब्ध सेवाएं, मार्ग की दूरी, यात्रा में लगने वाला समय और आर्थिक व्यवहार्यता जैसे पहलुओं का अध्ययन करने के बाद नई बसों के मार्ग तय किए जाएंगे। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि एसटी महामंडल की सबसे बड़ी ताकत महाराष्ट्र के कोने-कोने तक फैला उसका नेटवर्क और यात्रियों का विश्वास है। इसी भरोसे के साथ आधुनिक सुविधाएं, डिजिटल आरक्षण और बेहतर यात्री सेवा जोड़कर लंबी दूरी के सफर में नए मानक स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। नई वोल्वो बसों के आने के बाद महाराष्ट्र एसटी के यात्रियों को पारंपरिक ‘लालपरी’ के विशाल नेटवर्क के साथ प्रीमियम और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प मिलेगा। निजी लग्जरी बस सेवाओं से मुकाबले के लिए एसटी अब आधुनिक तकनीक, डिजिटल सुविधा और बेहतर हॉस्पिटैलिटी के साथ लंबी दूरी के यात्री बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है।
