मुंबई पुलिस ने लौटाया ₹1.73 करोड़ का बरामद माल, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
कांदिवली पुलिस स्टेशन में उत्तर परिमंडल-2 का विशेष कार्यक्रम; चोरी, साइबर क्राइम और अन्य मामलों में बरामद सामान मूल मालिकों को सौंपा

इंद्र यादव/मुंबई। मुंबई पुलिस के उत्तर परिमंडल-2 ने चोरी, साइबर अपराध और अन्य मामलों में बरामद ₹1 करोड़ 73 लाख 1 हजार 754 का मुद्देमाल उसके मूल मालिकों को वापस लौटाया। शुक्रवार को कांदिवली पुलिस स्टेशन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जब लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिला तो कई चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त, उत्तर परिमंडल-2 संदीप घुगे ने की। उनके हाथों संबंधित नागरिकों को बरामद सामान सौंपा गया। पुलिस की ओर से कहा गया कि अपराधियों को पकड़ने और अपराध पर अंकुश लगाने के साथ पीड़ितों को उनका सामान वापस दिलाना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उत्तर परिमंडल-2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने यह मुद्देमाल बरामद किया था। संबंधित मामलों की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामान को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक चोरी और अन्य अपराधों के साथ साइबर अपराध के मामलों में भी पुलिस टीमों ने कार्रवाई कर नागरिकों की संपत्ति और रकम वापस दिलाने का प्रयास किया। शुक्रवार के कार्यक्रम में कुल ₹1.73 करोड़ से अधिक मूल्य का बरामद माल नागरिकों को सौंपा गया। इस अभियान को मुंबई पुलिस आयुक्त देवन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त उत्तर प्रादेशिक विभाग शशिकुमार मीना के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त बोरीवली संतोष धनवटे, मालवणी महेशकुमार ठाकुर, गोराई सुधाकर हुंबे तथा संबंधित पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों और अपराध जांच से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर कई नागरिकों ने खुशी जताई और पुलिस का आभार व्यक्त किया। कुछ लोगों के लिए बरामद संपत्ति केवल आर्थिक नुकसान की भरपाई नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही चिंता खत्म होने जैसा मौका था। पुलिस ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ बरामद संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत उसके सही मालिक तक पहुंचाने के प्रयास जारी रहेंगे। उत्तर परिमंडल-2 की इस पहल से एक साथ बड़ी संख्या में नागरिकों को उनकी संपत्ति वापस मिलने के साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का संदेश भी गया।

