सानपाडा के वड़ा पाव सेंटर में LPG लीक के बाद भीषण आग, दो भाई बुरी तरह झुलसे

नवी मुंबई। सानपाडा में मंगलवार सुबह एक वड़ा पाव सेंटर में LPG गैस लीक होने के बाद आग लगने से दो भाई बुरी तरह झुलस गए। घटना के दौरान धमाके जैसा जबरदस्त असर हुआ, जिससे आसपास की छह दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और सामने स्थित अस्पताल के कांच भी टूट गए। शुरुआती तौर पर घटना को LPG सिलेंडर ब्लास्ट बताया गया था, लेकिन फोरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में सिलेंडर फटने के बजाय गैस लीक होकर दुकान के अंदर जमा होने और फिर आग पकड़ने की बात सामने आई है। घटना सुबह करीब 6.15 बजे सानपाडा सेक्टर-1, प्लॉट नंबर-4 स्थित प्रतीक सोसाइटी के गाला नंबर-1 में हुई। नवी मुंबई फायर ब्रिगेड को सुबह 6.13 बजे इमरजेंसी कॉल मिली और दमकलकर्मी करीब पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गए। NMMC के चीफ फायर ऑफिसर पुरुषोत्तम जाधव के अनुसार वाशी फायर स्टेशन को प्रतीक CHS स्थित स्नैक्स की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। घटनास्थल की जांच में दुकान में तीन कमर्शियल LPG सिलेंडर मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि इनमें से एक सिलेंडर से LPG लीक होकर बंद दुकान के अंदर जमा हो गई और आग के संपर्क में आते ही तेज धमाके जैसा असर हुआ। घटना में मनीष लालबहादुर यादव (27) और उनके भाई अर्जुन लालबहादुर यादव (46) बुरी तरह झुलस गए। दोनों को वाशी स्थित NMMC अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मनीष करीब 75 प्रतिशत, जबकि अर्जुन लगभग 85 से 90 प्रतिशत तक झुलसे हैं। आग और धमाके जैसे प्रभाव से वड़ा पाव सेंटर का शटर तथा अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास की दुकानों के शटर भी उखड़ गए। पड़ोस की अभिमन्यु CHS की तीन दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। सामने स्थित सूरज अस्पताल के कांच का हिस्सा टूट गया, हालांकि अस्पताल के किसी मरीज या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर LPG सिलेंडरों की भी जांच की। शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गैस का रिसाव किस वजह से हुआ और आग किस स्रोत से लगी। सानपाडा पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल फायर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल घायलों की ओर से घटना को लेकर किसी प्रकार का संदेह अथवा शिकायत व्यक्त नहीं की गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *