
इंदापुर। पुणे जिले के इंदापुर तालुका स्थित सरती गांव के जगदाले फार्महाउस में एक जन्मदिन समारोह के दौरान अचानक मची अफरातफरी में एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 24 मई को शाम करीब 4 बजे की है। पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान सुधीर रावसाहेब महादिक देशमुख (निवासी– टेंभूर्णी, माधा तालुका) के रूप में हुई है, जिसे गोली सीने के दाहिने हिस्से में लगी। फिलहाल उसका इलाज पुणे के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्राथमिक जांच के अनुसार, चार दोस्त प्रदीप जगदाले, सुधीर महादिक, विजय पवार और राजकुमार पाटिल जन्मदिन मनाने के लिए फार्महाउस पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान, राजकुमार पाटिल की लाइसेंसी पिस्तौल को संभालते वक्त सुधीर महादिक से गलती से गोली चल गई। पिस्तौल से निकली गोली सीधे सुधीर को जा लगी। घटना के बाद इंदापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक खाली कारतूस, हुक्का पाइप, ताश के पत्तों का एक सेट और खून के नमूने जब्त किए गए हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत प्रदीप जगदाले, सुधीर महादिक, विजय पवार और राजकुमार पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला फिलहाल ‘दुर्घटनावश गोली चलने’ के तौर पर दर्ज किया गया है, लेकिन जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंसी हथियारों के उपयोग को लेकर लापरवाही गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।




