Tuesday, March 10, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedमहाराष्ट्र सरकार और एचएस ह्योसंग के बीच 1,740 करोड़ रुपए के निवेश...

महाराष्ट्र सरकार और एचएस ह्योसंग के बीच 1,740 करोड़ रुपए के निवेश समझौते पर हस्ताक्षर

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के उद्योग विभाग ने दक्षिण कोरिया की एचएस ह्योसंग एडवांस्ड मैटेरियल्स कॉरपोरेशन के साथ 1,740 करोड़ रुपए के निवेश के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह निवेश नागपुर के बुटीबोरी में उन्नत सामग्री निर्माण क्षेत्र में किया जाएगा, जिससे 400 स्थानीय निवासियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह समझौता ज्ञापन मुंबई के सह्याद्री राज्य अतिथि गृह में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में उद्योग विभाग के सचिव डॉ. पी. अनबालागन और एचएस ह्योसंग एडवांस्ड मैटेरियल्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष सेओंग ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एचएस ह्योसंग का नागपुर में परिचालन विस्तार महाराष्ट्र के औद्योगिक विकास के लिए सकारात्मक संकेत है। इस समारोह में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अश्विनी भिडे, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के सीईओ पी. वेलारासु, उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव श्रीकांत पुलकुंडवार, एचएस ह्योसंग के प्रबंध निदेशक सी. इयान ली, वरिष्ठ सलाहकार कैप्टन शिवाजी महादकर, निदेशक मनोजित साहा और उप प्रबंधक नीरज हांडा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। ह्योसंग समूह एक दक्षिण कोरियाई बहुराष्ट्रीय निगम है, जो कपड़ा, रसायन, भारी उद्योग, आईटी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में काम करता है। कंपनी कार्बन फाइबर, अरामिड फाइबर, टायर कॉर्ड, ऑटोमोटिव सीट बेल्ट यार्न और उच्च-शक्ति वाले औद्योगिक यार्न के निर्माण में अग्रणी है। एचएस ह्योसंग इंडिया के कार्यालय हरियाणा, मुंबई, पुणे और चेन्नई में स्थित हैं। कंपनी 2015 से पुणे में कार्यरत है, जहां 350 कर्मचारी काम कर रहे हैं और इसका वार्षिक कारोबार 845 करोड़ रुपए है। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर के ऑरिक-शेंद्रा प्लांट में 2018 से 500 कर्मचारी कार्यरत हैं और वहां का वार्षिक कारोबार 1,650 करोड़ रुपए है। इस निवेश से नागपुर में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और महाराष्ट्र में विदेशी निवेश को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments