महाराष्ट्रमुंबई

लैब-ग्रोन डायमंड में भारत बने वैश्विक लीडर: अमित शाह

नवी मुंबई में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से ₹1 लाख करोड़ निवेश और 50 हजार रोजगार की उम्मीद, दशहरे से शुरू होगा काम

मुंबई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश के रत्न एवं आभूषण उद्योग से लैब-ग्रोन डायमंड के क्षेत्र में पूरी वैल्यू चेन भारत में विकसित कर वैश्विक नेतृत्व हासिल करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लैब-ग्रोन डायमंड तैयार करने वाली मशीनरी से लेकर आभूषण निर्माण, ब्रांडिंग, शोरूम और वैश्विक बिक्री नेटवर्क तक पूरा इकोसिस्टम भारत में विकसित होना चाहिए। केंद्र सरकार इसके लिए उद्योग को हर आवश्यक सहयोग देगी। रविवार को मुंबई में आयोजित 52वें इंडिया जेम एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स 2026 को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भारत के पास मजबूत बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, पूंजी और उद्यमशील कारोबारी वर्ग की ताकत है। आने वाले समय में लैब-ग्रोन डायमंड के वैश्विक बाजार में बड़े विस्तार की संभावना है। ऐसे में भारतीय कंपनियों को वैश्विक ब्रांड तैयार करने के साथ दुनिया के प्रमुख शहरों में अपने बिक्री केंद्र स्थापित करने चाहिए। शाह ने कहा कि रत्न एवं आभूषण उद्योग के लिए नवी मुंबई में पर्याप्त भूमि और आवश्यक एफएसआई उपलब्ध कराने को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। राज्य सरकार भी इस उद्योग को महाराष्ट्र में बनाए रखने और उसके विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग देने को तैयार है।
₹2.44 लाख करोड़ तक पहुंचा निर्यात
अमित शाह ने कहा कि भारत में रत्न एवं आभूषण कारोबार की परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। कुंदन और मीनाकारी जैसी कलाओं ने भारतीय आभूषणों को दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि दुनिया में तराशे और पॉलिश किए जाने वाले प्रत्येक 10 में से नौ हीरों की प्रोसेसिंग सूरत में होती है। मुंबई भी रत्न एवं आभूषण निर्यात का प्रमुख केंद्र है और भारत डायमंड बोर्स भारतीय उद्योग की वैश्विक क्षमता का प्रतीक बन चुका है। शाह के अनुसार वर्ष 2025 में भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात ₹2.44 लाख करोड़ तक पहुंचा और देश के कुल वस्तु निर्यात में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 6.3 प्रतिशत रही। उद्योग से लगभग 75 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। उन्होंने उद्योग से यूरोपीय संघ, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और यूनाइटेड किंगडम के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाकर नए बाजार और कारोबारी अवसर तलाशने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल करने के संकल्प में रत्न एवं आभूषण उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
नवी मुंबई में ₹1 लाख करोड़ का जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से करीब ₹1 लाख करोड़ का निवेश और 50 हजार रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। राज्य सरकार परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध करा चुकी है और इसका काम दशहरे से शुरू करने की तैयारी है। फडणवीस ने कहा कि भारत के रत्न एवं आभूषण निर्यात में मुंबई और महाराष्ट्र की बड़ी हिस्सेदारी है। भारत डायमंड बोर्स में प्रतिदिन करीब 30 से 35 हजार व्यापारी, कारीगर और कर्मचारी काम करते हैं। यहां विकसित इकोसिस्टम के चलते कारोबार करीब 21 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने 2025 में रत्न एवं आभूषण क्षेत्र के लिए अलग नीति बनाई है, जिसमें पारंपरिक आभूषण कारोबार के साथ लैब-ग्रोन डायमंड उद्योग को प्रोत्साहन देने के भी प्रावधान हैं।
भारत डायमंड बोर्स को मिलेगी ‘सीमलेस कनेक्टिविटी’
फडणवीस ने कहा कि भारत डायमंड बोर्स को मेट्रो, रेलवे, सड़क और हवाई अड्डे से निर्बाध रूप से जोड़ने की योजना है। मेट्रो स्टेशन से भारत डायमंड बोर्स तक सीधे प्रवेश की सुविधा विकसित करने के साथ बांद्रा और कुर्ला रेलवे स्टेशनों से पॉड टैक्सी सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा बुलेट ट्रेन स्टेशन को कोस्टल रोड, बांद्रा-वर्ली सी लिंक, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2, कुर्ला क्षेत्र और नॉर्थ कोस्टल रोड से जोड़ने के लिए सुरंग मार्ग की योजना भी प्रस्तावित है।
रत्न-आभूषण निर्यात में महाराष्ट्र की बड़ी हिस्सेदारी: एकनाथ शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि रत्न एवं आभूषण निर्यात कारोबार में महाराष्ट्र का योगदान करीब 50 प्रतिशत है। यह उद्योग देश की आर्थिक वृद्धि और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी इस क्षेत्र का बड़ा योगदान रहेगा। जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (GJEPC) द्वारा आयोजित समारोह में 27 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें कट एंड पॉलिश्ड डायमंड, बहुमूल्य धातुओं के आभूषण, रंगीन रत्न, चांदी के आभूषण, लैब-ग्रोन डायमंड, महिला उद्यमी, निर्यात, रोजगार सृजन, कर भुगतान, CSR, इनोवेटिव मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग तथा लाइफटाइम अचीवमेंट जैसी श्रेणियां शामिल रहीं। समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, विपणन मंत्री जयकुमार रावल, सांसद गोविंद ढोलकिया, विधायक अमित साटम और GJEPC अध्यक्ष किरीट भंसाली सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *