संजय पुराणिक ने गणेशोत्सव की भीड़ में बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम के दिए निर्देश

मुंबई। गणेशोत्सव की भीड़ में बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम के दिए निर्देश। महाराष्ट्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने गणेशोत्सव के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय करने के निर्देश दिए हैं। कालाचौकी में बिजली का झटका लगने से एक बच्ची की मौत के बाद आयोग के अध्यक्ष अधिवक्ता संजय पुराणिक ने आठ पुलिस महानिरीक्षक कार्यालयों और 12 पुलिस आयुक्तालयों के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन सुनवाई की। आयोग ने अधिक भीड़ वाले गणेश मंडलों में विशेष बाल पुलिस, महिला पुलिस और दामिनी दस्ते तैनात करने को कहा है। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, पीने के पानी, शौचालय, छाया और सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने उत्सव स्थलों पर बच्चों को भीख मांगने या बाल मजदूरी में लगाए जाने से रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा। आगामी दुर्गोत्सव को बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और मंडलों को अभी से योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सुनवाई में आयोग के सदस्यों और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। आयोग ने बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु पुलिस, स्थानीय प्रशासन, गणेश मंडलों, बाल संरक्षण संस्थाओं और मीडिया से समन्वय के साथ काम करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *