झांसी में ‘एक स्वर, एक संवाद’ के तहत गूंजा संविधान का संदेश, 20,581 विद्यार्थियों ने किया उद्देशिका का सामूहिक पाठ

संविधान दिवस पर जनपद के विद्यालयों में हुए आयोजन, छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी की ओर से गुरुवार को ‘एक स्वर, एक संवाद’ कार्यक्रम के तहत जनपद में संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कच्छल उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि कमलेश कच्छल ने कार्यक्रम में मौजूद 680 छात्राओं, जनपद के न्यायिक अधिकारियों और शिक्षकों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवा पीढ़ी का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करना भी जरूरी है। ‘एक स्वर, एक संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में सुबह 9 बजे एक साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कराया गया। विद्यार्थियों में संवैधानिक ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। मुख्य कार्यक्रम में 680 छात्राओं के अलावा अन्य विद्यालयों एवं संस्थानों के 19,901 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस तरह जनपद में कुल 20,581 विद्यार्थियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मुख्य समारोह में जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक, जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा, विद्यालय की प्रधानाचार्या सुस्मिता वर्मा, प्रधानाध्यापिका डॉ. असमा खान सहित शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. असमा खान ने किया। अंत में प्रधानाचार्या सुस्मिता वर्मा ने जनपद न्यायाधीश कमलेश कच्छल, सभी न्यायिक अधिकारियों और जिला विद्यालय निरीक्षक रती वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *