Thursday, January 15, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedमुंबई में नया अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ टर्मिनल लॉन्च, पर्यटन और समुद्री क्षेत्र को...

मुंबई में नया अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ टर्मिनल लॉन्च, पर्यटन और समुद्री क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

मुंबई। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को मुंबई के समुद्री क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ते हुए न्यू मुंबई इंटरनेशनल क्रूज़ टर्मिनल (MICT) से क्रूज़ संचालन को हरी झंडी दिखाकर देश के समुद्री पर्यटन को एक नई दिशा दी। यह अत्याधुनिक टर्मिनल भारत का सबसे बड़ा क्रूज़ टर्मिनल है, जिसे एक समय में पाँच क्रूज़ जहाजों को संभालने और सालाना 1 मिलियन यात्रियों को सेवा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
MICT का उद्घाटन करते हुए सोनोवाल ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वैश्विक क्रूज़ हब बनाने के विज़न का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में भारत में क्रूज़ यात्रियों की संख्या में 454% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, और 2029 तक सालाना 1 मिलियन यात्रियों के लक्ष्य की दिशा में यह टर्मिनल एक मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सोनोवाल ने अन्य प्रमुख परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें मुंबई के विक्टोरिया डॉक्स में पुनर्निर्मित फायर मेमोरियल, कोलाबा स्थित फोर्ट हाउस बैलार्ड एस्टेट और एवलिन हाउस का उद्घाटन शामिल था। इन ऐतिहासिक स्थलों के पुनर्निर्माण को मुंबई के समृद्ध समुद्री इतिहास के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया। इसके अतिरिक्त, मंत्री ने ‘सागर उपवन’ का उद्घाटन किया— एक हरा-भरा सार्वजनिक बगीचा जिसे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। साथ ही, ग्रीन पोर्ट पहल के तहत ‘शोर टू शिप इलेक्ट्रिक सप्लाई’ प्रणाली की शुरुआत भी की गई, जो पोर्ट पर खड़े जहाजों को किनारे से बिजली आपूर्ति करके प्रदूषण में कमी लाने में मदद करेगी। नई क्रूज़ टर्मिनल के माध्यम से मुंबई और अंतरराष्ट्रीय क्रूज़ गंतव्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा, जिससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह पहल न केवल बंदरगाह बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाएगी, बल्कि स्थिरता, संस्कृति और पर्यावरणीय संरक्षण के बीच संतुलन भी स्थापित करेगी। यह कदम भारत के समुद्री उद्योग में बढ़ते वैश्विक प्रभाव और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जो आने वाले वर्षों में मुंबई को दक्षिण एशिया का प्रमुख क्रूज़ हब बनाने की दिशा में अग्रसर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments