
मुंबई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मंत्रालय के समीप स्थित उद्यान में महात्मा गांधी की पूर्णाकृति प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक अभिवादन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार के चित्र पर भी पुष्पहार अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में विधायक अमीन पटेल, नगरसेवक ज्ञानराज नाईक, नगरसेविका राजेश्वरी पाटणकर, महात्मा गांधी स्मारक समिति के महासचिव देवरा सिंह, सचिव सुमन पवार, प्रो. अमर सिंह सहित कुलाबा म्युनिसिपल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मर्ज़बान वाडिया ने पारसी धर्म, जूलिस क्रेझर ने ईसाई धर्म, मौलाना मजरूल इस्लाम ने मुस्लिम धर्म, दीपक क्षीरसागर ने बौद्ध धर्म, सोहन सिंह ने सिख धर्म, केशव चंद्र प्रभु ने हिंदू धर्म तथा भरत जैन ने जैन धर्म की प्रार्थनाओं का वाचन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।



