Wednesday, August 27, 2025
Google search engine
HomeUncategorizedमुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठपमीठी नदी खतरे के निशान से...

मुंबई में मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठपमीठी नदी खतरे के निशान से ऊपर, लोकल ट्रेन सेवाएँ बाधित, रेड अलर्ट जारी

मुंबई। राजधानी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश ने मंगलवार सुबह शहर की रफ्तार रोक दी। कई इलाकों में भारी जलभराव से सड़कों पर यातायात ठप हो गया, वहीं लोकल ट्रेन सेवाएँ भी गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई समेत रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, कोल्हापुर और पुणे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार मंगलवार को सबसे अधिक बारिश सांताक्रूज़ में दर्ज हुई, जहाँ सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे के बीच 151.4 मिमी वर्षा हुई। विक्रोली में 141.5 मिमी, जुहू में 110.5 मिमी, भायखला में 92 मिमी, बांद्रा में 89 मिमी और कोलाबा में 29 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते मीठी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया। स्थिति को देखते हुए कुर्ला के क्रांति नगर झुग्गी बस्ती से लगभग 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
यातायात व लोकल सेवाएँ प्रभावित
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों पर भी बारिश का असर पड़ा। बांद्रा और दादर स्टेशनों के बीच पटरियों पर पानी भर जाने से ट्रेन सेवाएँ घंटों बाधित रहीं और यात्रियों की भारी भीड़ स्टेशनों पर फंसी रही। सड़कों पर भी जगह-जगह जलभराव से यातायात जाम की स्थिति बनी रही।

सरकार की समीक्षा व राहत कार्य
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा, मुंबई में करीब 300 मिमी बारिश हुई है। कुछ स्थानों पर जान-माल का नुकसान हुआ है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। मीठी नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। कोंकण और घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बीएमसी ने फंसे यात्रियों के लिए कई रेलवे स्टेशनों पर पानी, चाय और बिस्कुट वितरित किए। वहीं, ठाणे में दो युवकों ने बाढ़ में डूबी कार से दो लोगों को निकालकर उनकी जान बचाई। यह घटना कैमरे में कैद हुई और सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा की जा रही है।
मुंबई पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से केवल अत्यावश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, तटीय इलाकों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। निजी कार्यालयों से भी कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने का आग्रह किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments