म्हाडा 5 साल में 8 लाख घर बनाएगी

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार राज्य के नागरिकों को अपने घर का सपना पूरा करने में मदद करने के लिए नई आवासीय योजनाएं ला रही है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र आवाएकस एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) अगले पांच वर्षों में पूरे राज्य में आठ लाख घरों का निर्माण करेगा। उन्होंने इस दौरान मकानों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही और कहा कि सरकार निरीक्षण के जरिए इनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करेगी। आवास एवं शहरी विकास मंत्री शिंदे ने कोंकण संभाग में 2,147 मकानों और 117 भूखंडों के लिए आयोजित लॉटरी के अवसर पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि म्हाडा की पारदर्शी लॉटरी प्रणाली ने जनता का विश्वास बढ़ाया है। इस लॉटरी के तहत 2,147 घरों के लिए 31,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। सरकार लोगों को घर दिलाने के अपने संकल्प को लेकर प्रतिबद्ध है।
क्लस्टर विकास परियोजनाओं पर जोर
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने क्लस्टर विकास परियोजनाओं के महत्व को भी रेखांकित किया और इसे मौजूदा शहरी क्षेत्रों को व्यवस्थित ढंग से विकसित करने का एक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि 9 फरवरी को ठाणे में कई क्लस्टर परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया जाएगा।
किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराने की योजना
शिंदे ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में म्हाडा द्वारा निर्मित घरों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य की नई आवास नीति में कपड़ा मिल श्रमिकों और मुंबई के प्रसिद्ध ‘डब्बावालों’ (टिफिन वाहक) के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, ताकि उन्हें किफायती दरों पर घर मिल सके।
2147 फ्लैट और 117 भूखंड आवंटित
ठाणे के काशीनाथ घनेकर थिएटर में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने 2,147 फ्लैट और 117 भूखंडों की नीलामी की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसे एक अच्छा और किफायती घर मिले, और म्हाडा इस सपने को साकार करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार पिछले ढाई वर्षों से रुकी हुई परियोजनाओं को पुनः शुरू करने के प्रयास कर रही है और कई बाधाओं को दूर किया गया है। शिंदे ने कहा कि म्हाडा की विश्वसनीयता और निर्माण गुणवत्ता में सुधार हुआ है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को अच्छे, टिकाऊ और सुरक्षित घर मिलें।