
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने रविवार को झांसी जनपद में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 223-झांसी नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का भ्रमण कर एसआईआर की प्रगति, गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण, डिजिटाइजेशन तथा मतदाताओं के मैपिंग कार्य की जमीनी हकीकत जानी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तहसील सदर का निरीक्षण करते हुए प्राप्त भरे हुए गणना प्रपत्रों की समीक्षा की और संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज एवं बीकेडी स्थित मतदेय स्थलों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर बीएलओ और स्पॉटिंग स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गणनाचरण की अंतिम तिथि 26 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी ग्राम सचिवालयों, विकासखंड कार्यालयों, तहसीलों एवं नगरीय निकायों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां गणना प्रपत्र भरने, उनके एकत्रीकरण और डिजिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। साथ ही नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के सभी वार्डों एवं गली-मोहल्लों में विशेष कैंप लगाकर घर-घर जागरूकता और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य संपन्न किया जाए। उन्होंने सभी योग्य नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए निकटतम हेल्प डेस्क पर जाकर गणना प्रपत्र भरवाएं और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।




